मंदिरों में मनाया गया अन्नकूट महोत्सव
श्री नारद मीडिया अरविंद रजक पंचदेवरी गोपालगंज
दीपावली के पावन पर्व पर जिले के मठ मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। संत शिरोमणि बाबा विशंभर दास जी महाराज के सानिध्य में बने श्री राम जानकी मंदिर भाठवां कुटी, भृंगीचक, श्री वैष्णो मठ गौरा, बथना कुट्टी, पकड़ी हार, बसंतपुर धुसी आदि मंदिर में अन्नकूट का भोग लगाया गया। अन्नकूट का प्रसाद बनाने के पश्चात महाआरती कर भोग लगाया व प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान बाबा विशंभर दास जी महाराज ने कहा कि कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के दिन भगवान के निमित्त भोग और नैवेद्य बनाया जाता है जिन्हें ‘छप्पन भोग’ कहते हैं। अन्नकूट पर्व मनाने से मनुष्य को लंबी आयु तथा आरोग्य की प्राप्ति होती है साथ ही दारिद्र्य का नाश होकर मनुष्य जीवनपर्यंत सुखी और समृद्ध रहता है। उन्होंने कहा कि यदि इस दिन कोई मनुष्य दुखी रहता है तो वह वर्षभर दुखी ही रहेगा इसलिए हर मनुष्य को इस दिन प्रसन्न रहकर भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय अन्नकूट उत्सव को भक्तिपूर्वक तथा आनंदपूर्वक मनाना चाहिए। वहीं श्री राम जानकी मंदिर जमुना मठ के महंत श्री हरि नारायण दास जी महाराज ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली के अवसर पर राम राम के दिन मंदिर में अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर मंदिर प्रांगण में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर में ठाकुरजी के समक्ष अन्नकूट की झांकी सजाई गई। मंदिर को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया। दोपहर 12 बजे ठाकुरजी की आरती कर विभिन्न तरह के बनाये गए पकवानों का भोग लगाया गया। भक्तों को प्रसाद वितरण किया।