महिला लड्डू गोपाल को लेकर पहुंची अस्पताल, ‘डॉक्टर से बोली मेरे कन्हैया जल तो नहीं गए’
श्रीनारद मीडिया, सेंट्रल डेस्क:
कहा जाता हैं अगर भगवान ने रिश्ता गहरा जुड़ जाए तो वो हमेशा एहसास करवाते हैं कि वे भक्त के अंग-संग हैं। इतना ही नहीं भक्त को भी अपने भगवान की मौजूदगी का अनुभव होता है। भक्त और भगवान का रिश्ता जगत में अनूठा होता है क्योंकि दोनों ही एक-दूसरे के बना नहीं रह सकते। भक्त और भगवान का ऐसा ही अनूठा रिश्ता देखने को मिला मध्य प्रदेश के दतिया में। यहां एक महिला भक्त अपने भगवान की मूर्ति लेकर इलाज कराने अस्पताल पहुंच गई।
यह है पूरा मामला
महिला ने मंदिर में दीपक जलाया था। दीपक लाने के दौरन लड्डू गोपाल झुलस गए। दीपक लगने से भगवान झुलस गए यह देख महिला अपने पति के साथ हड़बड़ाहट में रात को ही अस्पताल पहुंच गई। महिला ने कहा कि डॉक्टर जी देखना मेरे कन्हैया ज्यादा जल तो नहीं गए हैं।
पहले तो डॉक्टर को कुछ समझ नहीं आया, इसके बाद डॉक्टर ने महिला की आस्था का सम्मान करते हुए मूर्ति को देखा और कहा कि ये बिल्कुल ठीक हैं ज्यादा कुछ नहीं हुआ। दतिया जिला अस्पताल में रात 11 बजे एक महिला अपने पति के साथ पहुंची तो उसके हाथ में भगवान की मूर्ति थी। अस्पताल के ट्रामा सेंटर में डॉ. आशुतोष आर्य ड्यूटी पर थे।
डॉक्टर को जब पता चला कि एक महिला लड्डू गोपाल लेकर आई है चैकअप के लिए तो वे खुद बाहर आए। महिला ने डॉक्टर से कहा कि वह पड़री ग्राम से आई है और हमारे कृष्ण कन्हैया कुछ जल गए हैं, बीमार हैं, इन्हें देख लीजिए।
महिला जब घर के मंदिर में भगवान की पूजा कर रही थी, तभी दीपक जलाते समय भगवान झुलस गए। पहले तो डॉक्टर को यह सब अटपटा लगा लेकिन महिला को रुहासी देख उन्होंने एक भक्त का सम्मान रखते हुए बाल गोपाल की अच्छे जांच की और कहा कि आपके कन्हैया बिल्कुल ठीक हैं। पूरी संतुष्टी के बाद ही महिला अस्पताल से वापस घर के लिए लौटी।