सीवान के महावीरी विजयहाता में जम्बूरी की पूरी तैयारी संपन्न
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क
सीवान नगर का गौरव माने जाने वाले, सुविख्यात विद्यालय, महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता में स्काउट एंड गाइड की 18 वीं राष्ट्रीय जम्बूरी यानि कैम्प के लिए भाग लेने वाले कैडेट्स की जोर-शोर से चल रही तैयारी संपन्न हो गयी। इस क्रम में छात्र-छात्राओं को नियमित परेड के अतिरिक्त आकस्मिक स्थिति में टेंट लगाने, आग जलाने, भोजन पकाने, घायलों की आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था करने आदि की जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें रस्सियों के उपयोग तथा अन्य अनेक कौशलों का भी प्रशिक्षण दिया गया। विगत 25 दिसंबर (रविवार) से चल रही इस तैयारी को आज पूर्ण कर लिया गया।
ध्यातव्य है कि इस 18 वीं राष्ट्रीय जम्बूरी का भव्य आयोजन आगामी वर्ष 2023 की 03 जनवरी से 10 जनवरी तक राजस्थान के जोधपुर नगर के निकट रोहट में किया जाना है। देश के सभी राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों के स्काउट एंड गाइड कैडेट्स इसमें शामिल होंगे। इस जम्बूरी का उद्घाटन महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाएगा। राजस्थान सरकार के अनेक मंत्री एवं शीर्षस्थ अधिकारी भी वहाँ उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भी उपस्थित रहने की सूचना है।
महावीरी विजयहाता के अलावा नगर के कई अन्य विद्यालयों के भी कैडेट्स इस कैंप में भाग लेने वाले हैं जिनका प्रशिक्षण महावीरी के कैडेट्स के ही साथ संयुक्त रूप से कराया गया। महावीरी विजयहाता के आचार्य एवं स्काउट मास्टर सुनील कुमार सिंह तथा गाइड कैप्टन श्रीमती सुधा पांडेय की सक्रिय निगरानी में यह सारी तैयारी संपन्न हुई।
महावीरी विजयहाता के प्राचार्य शंभु शरण तिवारी ने निरीक्षण कर तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और सभी कैडेट्स की टीम को सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं। मीडिया प्रभारी अखिलेश श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ आचार्य प्रवीण चन्द्र मिश्र ने बताया कि न केवल भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं में बल्कि उनके अभिभावकों में भी जोधपुर प्रवास एवं जंबूरी तथा महामहिम राष्ट्रपति जी से मिलने को लेकर भारी उत्साह एवं उत्सुकता है। ये कैडेट्स 01 जनवरी 2023 को निर्धारित समय से ट्रेन द्वारा जोधपुर के लिए प्रस्थान करेंगे जिसकी सारी व्यवस्थाएँ कर ली गई हैं।
- यह भी पढ़े……..
- साइबर क्राइम की शिकार हुई महिला, खाते से दो लाख उड़ाए
- साल के अंतिम दिन IPS अफसरों का ताबड़तोड़ तबादलाः DG-ADG-IG-DIG बदले गए, देखें सूची
- गरीबों व मजलूमों के मसीहा थे लोकबंधु राजनारायण