भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण भारत छोड़ो-PM
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन दिवस के मौके पर वीडियो मैसेज जारी किया। इसमें उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।उन्होंने आगे कहा कि देश के विकास में कुछ बुराइयां रुकावट बन रही हैं। इसलिए आज भारत एक स्वर में कह रहा है कि भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, वंशवाद भारत छोड़ो और तुष्टिकरण भारत छोड़ो।
आज भारत छोड़ो आंदोलन यानी क्विट इंडिया मूवमेंट के 81 साल पूरे हो गए हैं। नौ अगस्त, 1942 को अंग्रेजों के खिलाफ महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी। इस बीच देश की सत्ताधारी पार्टी भाजपा एक अभियान शुरू करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ को याद करते हुए भारत से भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण को खत्म करने का आव्हान किया।
केंद्र सरकार आज से मेरी माटी-मेरा देश अभियान की भी शुरुआत करेगी। 30 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत देशभर में शहीदों के सम्मान में कार्यक्रम होंगे।शहीदों की याद में स्मारक पट्टिका लगाई जाएंगी, जिनमें प्रधानमंत्री मोदी का संदेश भी होगा। इसके अलावा तीनों सेनाओं के जवान देशभर की ग्राम पंचायतों का दौरा करेंगे।
प्रधानमंत्री बोले- बापू के चलते अंग्रेजों को देश छोड़ना पड़ा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- 9 अगस्त की तारीख भारत के सबसे बड़े आंदोलनों की साक्षी रही है। 9 अगस्त को ही महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था। बापू ने अंग्रजों को भारत छोड़ने के लिए कह दिया था। इसके बाद देश में जागरण का माहौल बन गया। आखिरकार अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा- आज प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण के भारत छोड़ने का आह्लान किया है। अगर देश के लोकतंत्र को बचाना है तो इन बुराइयों को देश छोड़ना पड़ेगा।
देशभर की मिट्टी से गांव में बनेगी अमृत वाटिका
मेरी माटी- मेरा देश अभियान के तहत अमृत कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। इसमें देशभर के गांवों से 7500 कलशों में मिट्टी दिल्ली लाई जाएगी। साथ ही यात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से पौधे भी लाए जाएंगे।इस मिट्टी और पौधों से नेशनल वॉर मेमोरियल के पास अमृत वाटिका बनाई जाएगी। PM मोदी ने 30 जुलाई को मन की बात कार्यक्रम में इस अभियान की घोषणा की थी।
आजादी का अमृत महोत्सव का समापन होगा
मेरी माटी- मेरा देश अभियान के साथ ही आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम का भी समापन हो जाएगा। इस अभियान की शुरुआत 12 मार्च, 2021 को हुई थी। इसके तहत देशभर में 2 लाख से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
PM ने कहा है कि मेरी माटी- मेरा देश कार्यक्रम से हमें देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों का एहसास होगा। इसलिए, हर देशवासी को इस अभियान में शामिल होना चाहिए।
भारत छोड़ो आंदोलन क्या है?
भारत को स्वतंत्रता दिलाने के लिए तमाम छोटे-बड़े आंदोलन हुए। अंग्रेजी सत्ता को भारत की जमीन से उखाड़ फेंकने के लिए गांधी जी के नेतृत्व में जो अंतिम लड़ाई लड़ी गई उसे ‘अगस्त क्रांति’ के नाम से जाना गया। इस लड़ाई में गांधी जी ने ‘करो या मरो’ का नारा देकर अंग्रेजों को देश से भगाने के लिए पूरे भारत के युवाओं का आह्वान किया था। यही वजह है कि इसे ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ या क्विट इंडिया मूवमेंट भी कहते हैं। इस आंदोलन की शुरुआत नौ अगस्त 1942 को हुई थी, इसलिए इसे अगस्त क्रांति भी कहते हैं। इस आंदोलन की शुरुआत मुंबई के एक पार्क से हुई थी जिसे अगस्त क्रांति मैदान नाम दिया गया।
अब पीएम मोदी किस क्विट इंडिया मूवमेंट की बात कर रहे हैं?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ को याद करते हुए कहा कि भारत अब भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण के खिलाफ एक स्वर में बोल रहा है। भाजपा सांसदों के साथ बैठक करने के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के खिलाफ वे सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाएं।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले महान लोगों को श्रद्धांजलि। गांधी जी के नेतृत्व में इस आंदोलन ने भारत को औपनिवेशिक शासन से मुक्त कराने में प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, आज भारत एक स्वर में कह रहा है: भ्रष्टाचार भारत छोड़ो। वंशवाद भारत छोड़ो। तुष्टिकरण भारत छोड़ो।
- यह भी पढ़े…………….
- महिला मेंबर्स ने स्पीकर से राहुल की शिकायत,क्यों?
- Gyanvapi : ज्ञानवापी सर्वे से क्यों नाराज हुआ ASI ?
- अमेरिका ने आज के ही दिन नागासाकी पर बम गिराया था,क्यों?
- भारतनेट परियोजना चर्चा में क्यों है?