श्रीनारद मीडिया, प्रभात कुमार मिश्रा, गया ( बिहार )
गया के निमचक बथानी अनुमंडल अंतर्गत खिजरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में बंद घर के कमरे से संदिग्ध हालात में फंदे में लटका एक युवक का शव मिलने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि स्थानीय पुलिस को बिना सूचना दिए परिजनों ने युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं मृतक की पत्नी ने अपने सास, ससुर और देवर पर पति के हत्या का आरोप लगाया है। उक्त मामले में पुलिस ने मृतक की मां और छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामला खिजरसराय थाना क्षेत्र के उचौली गांव का बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के उचौली गांव में घर के बंद कमरे से संदिग्ध हालात में फांसी पर लटका शव मिला था। आनन-फानन में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं मृतक की पत्नी ब्यूटी कुमारी के शिकायत पर पुलिस मृतक की मां और छोटे भाई को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। हालांकि मामला संदिग्ध है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुई थी। घरेलू विवाद के कारण पति योगेन्द्र कुमार खुद को घर के एक कमरे को बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया।
ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय मृतक के पिता सुबोध कुमार, मां गायत्री देवी और छोटा भाई हिमांशु कुमार खेत में काम कर रहा था। जब उक्त बात की जानकारी मिली तो सभी घर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ कर शव को निकाला गया। लोगों ने बताया कि पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
हालांकि जब मृतक की पत्नी को घटना की जानकारी मिली तो वह सीधे खिजरसराय थाना पहुंची। थाने में सास, ससुर और देवर पर पति योगेन्द्र कुमार की हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मृतक की मां गायत्री देवी और छोटा भाई हिमांशु कुमार को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई। घटना के संबंध में खिजरसराय थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संदिग्ध है। मृतक की पत्नी के शिकायत पर मृतक की मां और भाई को हिरासत में लिया गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।