इस बरसात ने न सिर्फ मार्च से जून तक बल्कि मानसून की कुल वर्षा का भी एक तिहाई कोटा पूरा कर दिया है। आगामी चार जुलाई तक रोजाना वर्षा होने का अनुमान है। शनिवार और रविवार को भारी वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शुक्रवार को भारतीय समयानुसार सुबह लगभग 2.45 बजे नई दिल्ली के उत्तर में एक तूफान आया था। उत्तर प्रदेश में पहले से आए एक बड़े तूफान की उपस्थिति ने इसके असर को और अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाई। इसीलिए इतनी रिकार्ड बरसात हुई।

दिल्ली में बारिश की वजह से एक व्यक्ति की मौत

बारिश से न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गुरुवार को यह 28.6 डिग्री रहा था। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक दिन पहले यह 35.4 डिग्री रहा था। हवा में नमी का स्तर 100 से 71 प्रतिशत रिकार्ड हुआ।मानसून की पहली वर्षा में राजधानी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस कारण हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

कई सांसदों के घर में जलभराव

लुटियंस दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों के साथ सैन्य अधिकारी, केंद्रीय अधिकारी व उद्योगपतियों के बंगले भी जलभराव की जद में आ गए। उनके घरों में दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया। सपा नेता व सांसद राम गोपाल यादव को उनके कर्मचारियों ने घर से गोद में लेकर कार तक पहुंचाया, जिससे वह संसद जा सके।

ऐसी ही स्थिति कई अन्य सांसदों के साथ उत्पन्न हुई। कुछ दिन पूर्व तक पानी के लिए धरने पर बैठीं दिल्ली की जल मंत्री आतिशी का घर भी वर्षा व सीवर के पानी से लबालब हो गया। हर ओर जलभराव का कोहराम था।

दूतावास, उच्चायोग व राज्यों की भवनों के लोग त्राहिमाम करते दिखे। राहत व बचाव अभियान में एनडीआरएफ को भी उतरना पड़ा। अधिकांश सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति रही। जीटी करनाल हाईवे पर तीन से चार किमी लंबा जाम लगा रहा। विकास मार्ग लक्ष्मी नगर से लुटियंस दिल्ली घंटों जाम से थमी रही।

उप्र में 13 की मौत, राजस्थान में पांच की गई जान

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वर्षाजनित हादसों के कारण 13 लोगों की मौत हो गई। अगले दो दिन भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में लगातार तीन दिन से मध्यम से तेज बारिश हो रही है। वर्षाजनित हादसों में तीन दिन में पांच लोगों की मौत हुई है।

शुक्रवार को झुंझुनूं में पांच लोग बिजली के करंट की चपेट में आने से घायल हो गए। मानसून राजस्थान से होता हुआ हरियाणा में प्रवेश कर गया। भिवानी में शुक्रवार सुबह पहुंचे मानसून ने 10 घंटे में ही हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब के काफी हिस्सों में वर्षा की। मानसून ने पूरे उत्तराखंड को कवर कर लिया है। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।