सीवान में विकास को बुनियादी मजबूती देगा राम जानकी पथ!

सीवान में विकास को बुनियादी मजबूती देगा राम जानकी पथ!

०१
WhatsApp Image 2023-11-05 at 19.07.46
0
previous arrow
next arrow
०१
WhatsApp Image 2023-11-05 at 19.07.46
0
previous arrow
next arrow

बेहतर सड़क सुविधा के साथ सिवान में पर्यटन, व्यापार, वाणिज्य, कृषि, उद्योग के विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा की उपलब्धता भी हो सकती है बेहतर

✍️ डॉक्टर गणेश दत्त पाठक, श्रीनारद मीडिया :

प्रभु श्री राम की जन्मस्थली उत्तर प्रदेश के अयोध्या को माता जानकी की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुर से जोड़ने के लिए बन रहे विशेष सड़क मार्ग राम जानकी पथ के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राम जानकी मार्ग सिवान से होकर गुजरने वाला है। सीवान में अभी जिला प्रशासन द्वारा भू अर्जन की प्रक्रिया चल रही है। जिलाधिकारी श्री मुकुल कुमार गुप्ता नियमित अंतराल पर भू अर्जन की प्रक्रिया की निगरानी के लिए बैठक दर बैठक कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने अपने अधीनस्थों को ताकीद कर रखा है कि सिवान जिले में राम जानकी पथ का निर्माण कार्य तय समय सीमा में ही पूर्ण किया जान है। उन्होंने विशेष कैंप लगाकर रैयतों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दे रखा है। हालांकि भू अर्जन से संबंधित कुछ विवादों के उत्पन्न होने की आशंका भी जताई जा रही है। लेकिन जब ये सड़क मार्ग तैयार हो जाएगा तो सिवान के विकास को बुनियादी मजबूती दे सकता है। सिवान के उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों के जुड़ाव में सुविधा से विकास के लिए सकारात्मक परिस्थितियां सृजित होगी। सिवान में रोजगार जनन के साथ व्यापार, वाणिज्य, कृषि, उद्योग के विकास में भी भारी मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी।

बिहार में 240 किलोमीटर लंबा

उत्तर प्रदेश के अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक बनने वाले राम जानकी मार्ग की कुल लंबाई 448 किलोमीटर है। इस मार्ग का 436 किलोमीटर हिस्सा भारत में और 12 किलोमीटर हिस्सा नेपाल में होगा। बिहार में इस मार्ग का करीब 240 किलोमीटर हिस्सा बनेगा। यह मार्ग बिहार के मेहरौना घाट से शुरू होकर सीवान, छपरा, मशरख, और गोपालगंज के हामिदपुर गांव, राजा पट्टी, डुमरसन गोलंबर, चकिया होते हुए सीतामढ़ी तक जाएगा। इस मार्ग के पहले चरण में सीवान, बसंतपुर, और मशरख में बाइपास का निर्माण होगा। इस मार्ग पर एक बड़ा पुल, 14 छोटे पुल, 15 अंडरपास, एक आरओबी, और दो ग्रेड सेपरेटर का भी निर्माण होगा। केंद्र सरकार की बीआरटी योजना के तहत बनने वाले इस महत्वपूर्ण हाईवे का निर्माण एनएचएआई कर रहा है।

मेहरौना-गुठनी-सीवान खंड में शामिल गांव

बिहार में राम जानकी पथ के एसएच-73 का निर्माण सीवान मशरक खंड में होने वाला है। राम जानकी पथ के मेहरौना-गुठनी-सीवान खंड में चार प्रखंडों गुठनी, मैरवा, जीरादेई और सीवान सदर के 45 गांव शामिल होंगे। सीवान सदर प्रखंड में 14 गांव में शामपुर, भंटापोखर, अखौनिया, गोपालपुर, जमसिकरी, भादा खुर्द, भादा कला, मोहिउद्दीनपुर, जियायं, कलिजरा, टडवां, बघड़ा, खालिसपुर और कर्णपुरा शामिल है। मैरवा प्रखंड में 12 गांव में बभनौली, उग्रसेन छापर, सिसवा खुर्द, खाप सिसवा, मुड़ियारी, गोपाल चक, सेवतापुर, लक्ष्मीपुर, कुलदीपा, बहूचक, बरासो, उपाध्याय छापर और मैरवा शामिल है। इसी तरह प्रखंड जीरादेई में तीन गांव जिसमें पोखरेड़ा, तितरा और ठेपहा राजाराम शामिल है। जबकि गुठनी प्रखंड में 15 गांव में सिरकरपुर, बिहारी बुजुर्ग, सरेया, गुठनी, चिताखाल, ओदीखोर, कलहरूआ, ठेगवनिया बेचिरागी, जठौर, करेजी, धनौती, टेकनिआं, चौमुखा कला बेचिरागी और भटही गांव शामिल हैं।

बेहतर सड़क संपर्कता का मिलेगा लाभ

उत्तरप्रदेश के अयोध्या से नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाले मार्ग राम जानकी पथ के निर्माण से अयोध्या से जनकपुर की दूरी मात्र छह घंटे में तय की जा सकेगी। सिवान होकर इस मार्ग को गुजरना है। इस मार्ग के माध्यम से अन्य बड़े एक्सप्रेसवे मसलन पूर्वांचल एक्सप्रेस वे आदि से भी निकटता बढ़ जाएगी।ऐसे में बेहतर सड़क संपर्कता के विकसित होने से सिवान के विकास को भी भारी मदद मिलने की संभावना है।

पर्यटन का होगा भरपूर विकास

राम जानकी पथ से होकर भारी संख्या में श्रद्धालु गुजरेंगे। इससे सिवान के स्थानीय धार्मिक पर्यटन स्थलों का भी विकास होगा। जैसे मैरवा के बाबा हरिराम धाम तथा चननिया डीह, गुठनी का सोहगरा आदि धार्मिक स्थलों के विकास की परिस्थितियां बनेंगी। इसके अलावा राम जानकी पथ पर आनेवाले सिवान के अन्य पर्यटन स्थलों के दिन भी बहुरेंगे। जैसे देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद का जन्मस्थान, जीरादेई, बौद्ध स्थल तितिर स्तूप को भी लाभ पहुंच सकता है। पर्यटकों के आने से सिवान की अर्थव्यवस्था को भारी फायदा होने की संभावना है।

सिवान में भारी मात्रा में रोजगार का होगा सृजन

राम जानकी पथ से होकर श्रद्धालु आयेंगे जाएंगे। उनके सुविधा के लिए पथ के किनारे आवश्यक रेस्टोरेंट तथा अन्य व्यवस्थाओं के सृजित होने सिवान में भी भारी मात्रा में रोजगार का जनन होगा। वाहनों के सुधार रखरखाव के लिए वर्कशॉप आदि भी बनेंगे जिससे रोजगार सृजित होंगे। साथ ही उद्योग, कृषि में सुधार से भी रोजगार सृजन होगा। नए तकनीकी संस्थानों के आने से स्थानीय युवाओं का कौशल विकास होगा। उनमें उद्यमिता की भावना के विकास की परिस्थितियां बनेंगी।

सिवान के लोगों को आरोग्य रक्षण का भी मिलेगा लाभ

राम जानकी पथ के निर्मित होने से सिवान के लोगों को आरोग्य रक्षण का भी विशेष लाभ मिलेगा। गोरखपुर में एआईआईएमएस स्थापित हो चुका है। लखनऊ में कई बेहतरीन अस्पताल भी निर्मित हो चुके हैं। ऐसे में सिवान के लोगों के लिए गंभीर बीमारी की स्थिति में इन शहरों तक अल्प समय में पहुंचने से कई जिंदगियां बचाई जा सकेंगी। आज के दौर में बदलती जीवन शैली से लोग अधिक संख्या में मधुमेह, रक्तचाप,हृदय रोग, कैंसर के शिकार बन रहे हैं। किडनी मरीजों की संख्या बढ़ रही है ऐसे में अल्प समय में डायलिसिस केंद्रों पर पहुंचा जा सकता है। सिवान के रोगी भी इस सड़क मार्ग के माध्यम से अच्छे और स्तरीय अस्पतालों तक कम समय में पहुंच पाएंगे। इससे स्थानीय लोगों के आरोग्य रक्षण में भी बड़ी उपलब्धि हासिल हो सकेगी।

व्यापार, वाणिज्य को मिलेगा बढ़ावा

राम जानकी पथ से सिवान के जुड़ने से सिवान में व्यापार और वाणिज्य को भारी मदद मिलने की संभावना है। बड़े शहरों से सिवान के अच्छे सड़क से जुड़ाव के चलते यहां के कृषि तथा अन्य उत्पादों के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध हो सकता है। बड़े बाजारों से निकट संपर्क के चलते सिवान के वाणिज्यिक परिदृश्य में आमूल चूल परिवर्तन आ जायेगा। कुछ स्टार्टअप भी अस्तित्व में आ सकते हैं।

सिवान के औद्योगिक विकास का आधार होगा तैयार

सिवान के औद्योगिक विकास में भी लाभ पहुंचाएगा राम जानकी पथ। कच्चे माल की आसान उपलब्धता, बाजार की सुलभता और परिवहन की सुलभता से सिवान में उद्योग भी लगने शुरू होंगे। सिवान में उद्योगों के स्थापित होने से भारी मात्रा में रोजगार भी उत्पन्न होंगे। इससे सिवान की अर्थव्यवस्था में भी सुधार होगा। खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए सीवान एक बेहतर स्थल बन जाएगा। सीवान में कृषि आधारित उद्योगों की उपलब्धता को भरपूर ऊर्जा मिलेगी। सीवान में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की संभावनाओं को भी सहारा मिलेगा क्योंकि सिवान में टमाटर और हरी सब्जियों की खेती अच्छी होती है।

किसानों को भी होगा लाभ

राम जानकी पथ के निर्मित हो जाने से किसानों को भी लाभ होगा। किसानों की स्तरीय मंडियों तक पहुंच सुनिश्चित हो जाएगी। जिससे उनके उत्पादों की अच्छी कीमत मिल पायेगी। किसानों के लिए कृषि यंत्रों की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो जाएगी। दूध उत्पादक, मछली उत्पादक, साग सब्जी उत्पादक किसानों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने से विशेष लाभ होगा।

एयरपोर्ट से जुड़ाव होगा बेहतर

सिवान के बहुत सारे लोग गल्फ देशों में कार्यरत हैं। वे लोग गोरखपुर, लखनऊ, कुशीनगर एयरपोर्ट से आसानी से सिवान आयेंगे और जायेंगे। देश के महानगरों या विदेश जाने वाले सैलानियों के लिए भी राम जानकी पथ विशेष सुविधा पहुंचाएगा।

शिक्षा और कौशल विकास को प्रोत्साहन

ऐसी संभावना जताई जा रही है कि राम जानकी पथ के गुजरने के बाद सीवान में कुछ स्तरीय शैक्षणिक और तकनीकी संस्थान स्थापित हो सकते हैं। युवाओं के कौशल विकास की व्यवस्थाएं भी संजोई जा सकती है। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज ने अपने स्थापना के साथ ही सीवान में तकनीकी शिक्षा को एक नवीन आयाम दिया है। राम जानकी पथ के निर्माण से सीवान के तकनीकी और प्रबंधन संस्थानों को भी विशेष तौर पर लाभ होगा।

पर रखनी होगी सावधानी भी..

राम जानकी पथ पर तेज गति से चलानेवाले वाहनों से दुर्घटनाओं की आशंकाएं भी रहेंगी। इसलिए सिवान में बननेवाले मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी ध्यान देना होगा। राम जानकी मार्ग पर सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन संबंधी व्यवस्थाओं को भी स्तरीय स्तर पर बनाना होगा। सीवान में स्तरीय ट्रॉमा सेंटर की कमी है। अभी आर्थो के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं लेकिन हेड इंजरी आदि के लिए रक्षोपाय उपलब्ध नहीं है।

कुछ चुनौतियां तो जरूर आएंगी लेकिन जब राम जानकी पथ बनकर तैयार हो जाएगा तो निश्चित तौर पर सिवान के लोगों को भी आर्थिक लाभ के साथ स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा। उम्मीद है कि राम जानकी पथ सिवान की अर्थव्यवस्था में व्यापक सुधार लायेगा। आवश्यकता इस बात की भी है कि राम जानकी पथ द्वारा सृजित हो रहे अवसरों का लाभ उठाने की तैयारी भी शुरू हो और इसके विकासात्मक भूमिका पर पर्याप्त विचार मंथन भी हो। साथ ही, इस पथ के निर्माण संबंधी प्रक्रिया को हर स्तर पर भरपूर सहयोग और समर्थन प्रदान किया जाय ताकि सीवान के विकास का एक मजबूत आधार आसानी से अस्तित्व में आ सके।

यह भी पढ़े

ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रमाण पत्र का किया गया वितरण

अंतर्राष्ट्रीय पेंटर आर्टिस्ट नीलोफर यार्माटोवा की कला भारत और उज्बेकिस्तान की चित्रकला विधा को देगी मजबूती

नामांकन की प्रक्रिया पूरी, जिला बार एसोसिएशन के चुनाव 28 फरवरी को

 सिवान की खबरें : मेंहदार में महाशिवरात्रि व महोत्सव की तैयारी शुरू

ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल में इंटर स्कूल मॉडल प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न

 

Leave a Reply

error: Content is protected !!