सहारनपुर में युवती का अश्लील वीडियो बनाकर कराया धर्म परिवर्तन.
आगरा में लड़की की रेप के बाद हत्या,शव तालाब में फेंका.
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क
सहारनपुर में देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की का अश्लील वीडियो बनाकर जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया गया। इतना ही नहीं लड़की का वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल कर दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि पैन कार्ड बनवाने के लिए वह गांव के ही जनसेवा केंद्र पर गई थी। जहां उसकी मुलाकात अहमद से हुई। अहमद ने कई दिन तक पैन कार्ड नहीं बनवाया और सहारनपुर चलने की बात कही। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अहमद उसे सहारनपुर में एक होटल में ले गया और नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। अहमद ने दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया। अहमद उसे लगातार ब्लैकमेल कर संबंध बनाता रहा। फरवरी में उसकी शादी हो गई। इसके बाद भी अहमद नहीं माना और 50 हजार की डिमांड करने लगा।
लड़की ने बताया कि वो ससुराल से 50 हजार रुपये चोरी करके अहमद के पास ले गई। जहां रिश्तेदार शबाना, रफीक, असरफ, युनुस, युसुफ, सहवान, मोतीलाल और उसके अन्य दोस्त मिले। सभी ने उसे बंधक बना लिया और मुजफ्फरनगर के एक धार्मिक स्थल पर ले गए तथा कागजों पर धर्म परिवर्तन कराने के लिए हस्ताक्षर कराए। इसके बाद उसे गांव के बाग में ही बंधक बनाकर रखा गया।
युवती के लापता होने के बाद से परिजन उसकी तलाश करते रहे। सोमवार को थाने पर पहुंची लड़की ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर उमेश रोरिया ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी सिटी राजेश कुमार के अनुसार 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम कर तफ्तीश शुरू कर दी है। साथ ही सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।
आगरा के जंगल में शुक्रवार को गला घोंटकर 14 वर्षीय किशोरी की हत्या कर दी गई। शव अर्द्धनग्नावस्था में तालाब में पड़ा मिला। गले में दुपट्टे का फंदा था। शव की हालत देखकर ग्रामीण घटना को दुराचार के बाद हत्या की बता रहे हैं। परिजनों का भी यही आरोप है। किशोरी की हत्या से ग्रामीण आक्रोशित हैं। पुलिस को मौके से शव बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसएसपी के निर्देश पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया।
किशोरी के पिता सब्जी की ठेल लगाते हैं। उसकी मां ने बताया कि वह नहा रही थी। बेटी शौच के लिए घर से निकली। घर से 200 मीटर दूर जंगल है। बेटी वहां गई थी। एक घंटे बाद भी जब बेटी नहीं लौटी तो उन्हें चिंता हुई। पति के साथ वह बेटी की तलाश में जुट गईं। पूरा गांव खंगाल मारा। जंगल में हर तरफ देख लिया। कहीं बेटी का सुराग नहीं मिला। शाम करीब चार बजे बकरी चराने वाला एक बाबा मिला। उसने कहा कि तालाब में कोई लड़की पड़ी है। वे दौड़कर वहां पहुंचे। शव मुंह के बल पड़ा था। शव मिलते ही गांव में हल्ला मच गया। सूचना पर हरीपर्वत, न्यू आगरा, सिकंदरा, कमला नगर थाने का फोर्स पहुंच गया।
फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड को बुला लिया गया। पुलिस ने जांच के लिए ग्रामीणों को घटना स्थल से दूर कर दिया। शव को निकालकर एक टेंपो में रखा गया। ग्रामीण टेंपो के आगे आ गए। यह कहने लगे कि पहले घरवाले बिटिया का चेहरा देखेंगे। उसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जाएगा। पुलिस ने जैसे-तैसे ग्रामीणों को समझाया। सूचना पर आईजी रेंज ए सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार, एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद भी मौके पर पहुंच गए।
भाजपा विधायक मौके पर पहुंचे, समझाया
घटना की सूचना पर भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल मौके पर पहुंच गए। उस समय गांव की गली में सैकड़ों की भीड़ थी। विधायक ने ग्रामीणों से कहा कि बिटिया को इंसाफ मिलेगा। कातिल पकड़ा जाए। वह सहयोग करें। पुलिस को जांच करने दें। उन्होंने भीड़ को समझाया। विधायक ने अपनी मौजूदगी में शव को गांव से बाहर निकलवाया।