Notice: Function _load_textdomain_just_in_time was called incorrectly. Translation loading for the newsmatic domain was triggered too early. This is usually an indicator for some code in the plugin or theme running too early. Translations should be loaded at the init action or later. Please see Debugging in WordPress for more information. (This message was added in version 6.7.0.) in /home/imagequo/domains/shrinaradmedia.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6121
सड़क संपर्कता में सुधार से सीवान को लाभ ही लाभ - श्रीनारद मीडिया

सड़क संपर्कता में सुधार से सीवान को लाभ ही लाभ

सड़क संपर्कता में सुधार से सीवान को लाभ ही लाभ

०१
WhatsApp Image 2023-11-05 at 19.07.46
priyranjan singh
IMG-20250312-WA0002
IMG-20250313-WA0003
previous arrow
next arrow
०१
WhatsApp Image 2023-11-05 at 19.07.46
priyranjan singh
IMG-20250312-WA0002
IMG-20250313-WA0003
previous arrow
next arrow

मुख्यमंत्री के प्रगति योजना के क्रम में जारी घोषणाएं सीवान जिले में विकास को ऊर्जस्वित करेंगे

✍️डॉक्टर गणेश दत्त पाठक

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सीवान। विगत दिवस सूबे के मुखिया नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के क्रम में सीवान आए। इस अवसर पर उन्होंने विकास की कई योजनाओं की घोषणा की। इन घोषणाओं की राजनीतिक आधार पर विश्लेषण हो रहा है। दावे प्रतिदावे किए जा रहे हैं। आवश्यकता इस बात की भी है कि इन घोषणाओं के विकासात्मक आयाम पर भी विचार मंथन हो।

मुख्यमंत्री की घोषणाएं

सीवान आए मुख्यमंत्री की घोषणाओं में कुछ प्रमुख ये रहीं।मसलन एन०एच० 227 से एन०एच० 531 के बीच सिवान बाईपास का निर्माण किया जायेगा। आन्दर ढाला से हुसैनगंज पथ का चौड़ीकरण किया जायेगा। सिसवन ढाला में आर०ओ०बी० का निर्माण किया जायेगा। भण्टापोखर-जीरादेई पथ (भाया जामापुर बाजार) का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जायेगा। घाघरा नदी पर उत्तर प्रदेश की तरफ से बनाये गये 2 पुलों को सीवान जिला से सम्पर्कता हेतु पहुँच पथों का निर्माण कराया जायेगा।

राम जानकी पथ का संदर्भ

इन सभी घोषणाओं को सीवान जिले से गुजरने वाले फोरलेन राम जानकी पथ के निर्माण के संदर्भ में समझना होगा। अयोध्या से जनकपुर तक निर्मित हो रहा राम जानकी पथ सीवान के व्यावसायिक, वाणिज्यिक, कृषि, औद्योगिक परिवेश के लिए एक बड़ा अवसर उपलब्ध कराने जा रहा है। इस अवसर का लाभ सीवान जिले के सभी भागों तक पहुंचे इसके लिए आवश्यकता इस बात की है कि सिवान जिले के सड़क संपर्क को और विकसित किया जाए। इसी संदर्भ में बायपास निर्माण आदि बड़ी योजनाओं की घोषणा की गई है। ये योजनाएं यदि धरातल पर आ जाती है तो सीवान में विकास को एक बड़ी ऊर्जा मिलेगी।

कृषि और औद्योगिक विकास को बढ़ावा

सड़क संपर्कता में सुधार के कई लाभ भी होते हैं। इससे कई क्षेत्रों में व्यापार, व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा। कृषि और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इससे रघुनाथपुर, हुसैनगंज, जीरादेई, सिसवन क्षेत्र में हो रही सब्जी की खेती को विशेष लाभ मिलेगा क्योंकि वहां की सब्जियां आसानी से बड़े शहरों तक पहुंच पाएगी। साथ ही, सीवान के सापेक्षिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं सृजित होंगी।

भारी मात्रा में रोजगार सृजन

एक तात्कालिक फायदा यह भी होगा कि इन सड़कों के निर्माण के दौरान स्थानीय मजदूरों, को रोजगार भी भारी संख्या में उपलब्ध होगा। साथ ही, सड़क संपर्कता में सुधार होने से जब स्थानीय स्तर पर व्यापार व्यवसाय, उद्योग आदि विकसित होंगे तो भी रोजगार भारी मात्रा में सृजित होगा।

पशुपालन, मत्स्ययन का विकास

सीवान में सड़क संपर्कता में सुधार का सकारात्मक असर कृषि क्षेत्र के विकास और पशुपालन पर भी पड़ेगा। खाद बीज की आसान उपलब्धता के साथ तैयार फसलों के लिए अच्छे बाजार की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। इसका फायदा आम किसानों को भी मिलेगा। डेयरी और मत्स्य उद्योग के विकास के संदर्भ में भी सड़क संपर्कता का विकास आवश्यक तथ्य है। जिले के मूल निवासी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इन्वेस्ट यूपी के सीईओ अभिषेक प्रकाश ने पिछले दिनों एक साक्षात्कार में संकेत दिया था कि सिवान में एग्रोबेस्ड इंडस्ट्री के विकास की प्रबल संभावनाएं हैं।

व्यापार , वाणिज्य का विकास

सड़क संपर्कता में सुधार से व्यापार और वाणिज्य के विकास को भी लाभ होगा। सामानों की आवाजाही में सुविधा से वाणिज्यिक स्तर पर लाभ की स्थिति उत्पन्न होगी। गल्फ देशों में रोजगार के अवसर की कम हो रही उपलब्धता के क्रम में सीवान में उद्यमिता की भावना के विकास की विशेष उपादेयता है। सड़क संपर्क में सुधार से वाणिज्य और व्यापार के विकास के लिए बेहद अनुकूल परिस्थितियां सृजित होंगी। जिससे यहां के युवाओं की आर्थिक स्थिति भी बेहतर होगी। युवा जब उत्पादक और सकारात्मक गतिविधियों में संलग्न होंगे तो यहां सुकून की बयार भी बह पाएगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार

सीवान में सड़क संपर्कता में सुधार का सकारात्मक असर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर भी दिखाई देगा। सीवान में हक़ाम बायपास के आस पास के क्षेत्रों में सड़क संपर्कता के सुधार के कारण ही कई उच्चस्तरीय अस्पताल स्थापित हो चुके हैं। मैरवा में मेडिकल कॉलेज भी तैयार हो रहा है। आज बदलती जीवन शैली के कारण यह देखा जा रहा है कि बेहद कम उम्र में हमारे युवा मधुमेह, रक्तचाप, हृदय , किडनी आदि व्याधियों से ग्रसित हो रहे हैं। ऐसे में आकस्मिक परिस्थितियों में सड़क संपर्क बेहतर रहने से बड़े स्वास्थ्य केंद्रों पर आसानी से पहुंचा जा सकता है। शिक्षा में भी आधारभूत संरचना के विकास में सड़क संपर्कता का लाभ मिल सकता है। इससे कई स्तरीय शिक्षा संस्थान निकट भविष्य में स्थापित हो सकते हैं।

सामाजिक संबंधों में मजबूती

सड़क संपर्कता में सुधार का प्रभाव सामाजिक संबंधों में मजबूती के रूप में भी दिखाई दे सकता है। सीवान में कई लोगों के रिश्ते पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के अन्य भागों में भी है। सड़क संपर्क बेहतर रहने से रिश्तों में लोग आयेंगे जाएंगे तो उनके परस्पर संबंध मजबूत होंगे। जो आस पास के क्षेत्रों में काम करते हैं वे आसानी से अपने घर आयेंगे जाएंगे। इससे पारिवारिक स्नेह में बढ़ोतरी होगी। साथ ही सामाजिक संबंध मजबूत होने के अन्य लाभ भी मिलेंगे।

पर्यटन का विकास

सीवान में पर्यटन के विकास की तमाम संभावनाएं मौजूद हैं। देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद का जन्मस्थान जीरादेई, मौलाना मजहरूल हक साहब की कर्मस्थली फरीदपुर स्थित आशियाना, बौद्धकालीन स्थल तितिर स्तूप, पपौर, मेंहदार, सहोगरा, मैरवा, आदि कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जहां सैलानी बड़ी संख्या में आ सकते हैं। सड़क संपर्कता में सुधार से इन पर्यटन स्थलों के विकास को बल मिलेगा। यहां जब भारी संख्या में सैलानी आने लगेंगे तो सीवान की अर्थव्यवस्था का लाभ होगा।

सांस्कृतिक एकीकरण को बढ़ावा

जीरादेई महोत्सव, मेंहदार महोत्सव, मोनिया बाबा मेला आदि कई सांस्कृतिक आयोजन सीवान में होते हैं। छठ पूजा आदि की विशेष महिमा रही है। ऐसे में सांस्कृतिक एकत्व के संदर्भ में सीवान में सड़क संपर्कता में सुधार से बहुत सहायता मिलेगी। लोगों का सांस्कृतिक रुझान भी बढ़ेगा।

पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन में सहायता

सड़क संपर्कता में सुधार से वाहनों की आवाजाही सुगम होने से पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोग मिलेगा। ऊर्जा में बचत होगी जिसका सकारात्मक असर जलवायु परिवर्तन आदि चुनौतियों के सामना में भी मिलेगा। साथ ही सड़क संपर्कता में सुधार से वनस्पति और जीव जंतुओं की सुरक्षा में सुधार होने से जैव विविधता के संदर्भ में भी लाभ होगा। सीवान भूकंप की आशंका वाला क्षेत्र है। प्राकृतिक आपदा के दौरान सड़क संपर्क बेहतर रहने से राहत और पुनर्वास काम में आसानी रहती है।

नागरिक जीवन में सुधार

वर्तमान में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कई विकासात्मक योजनाएं संचालित की जा रही है। उद्योगों की स्थापना के लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है तथा कृषि, पशुपालन, मत्स्ययन विकास योजनाओं को संचालित किया जा रहा है। सड़क संपर्क बेहतर रहने से इन योजनाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो पाता है। नागरिकों के जीवन सुधार की स्थितियां भी उत्पन्न होती है।

कुछ नकारात्मक आयाम भी…

सड़क संपर्कता में सुधार के कई लाभ होते हैं परंतु आवश्यकता इस बात की भी है कि मुख्यमंत्री की उपयुक्त घोषणाओं को ठीक तरीके से अमली जामा भी पहनाया जाए। सड़क संपर्कता में सुधार के कुछ नकारात्मक आयाम भी होते हैं। सड़क संपर्कता में सुधार के कारण असामाजिक तत्वों का भी उभार होता है। इस संदर्भ में पुलिस और सामुदायिक स्तर पर सतर्कता की भी दरकार रहती है।

सीवान में विकास की प्रचुर संभावनाएं मौजूद है। इस संदर्भ में बुनियादी संरचना का बेहतर विकास एक अनिवार्य तथ्य होता है। यदि सड़क संपर्कता में सुधार होगा तो निश्चित तौर पर विकास योजनाओं को निश्चित तौर पर अधिक ऊर्जा मिलेगी और लाभ सीवान के आम लोगों को भी होगा।

Leave a Reply

error: Content is protected !!