पत्नी ने नशीली चाय पिलाकर पति को किया बेहोश, फिर बच्चों के सामने ही प्रेमी संग मिलकर दबा दिया गला
श्रीनारद मीडिया,रोहित मिश्रा,स्टेट डेस्क
भोजपुर के सिन्हा ओपी क्षेत्र के गजियापुर छीनेगांव टोला में मंगलवार की देर रात चार बच्चों की मां ने प्रेमी संग पति को मार डाला। नशीली चाय पिलाने के बाद सो जाने पर गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी गयी। घटना रात 12 बजे की है। मृतक छीनेगांव टोला निवासी सत्यदेव बिंद का 35 वर्षीय पुत्र परमात्मा बिंद उर्फ गुड्डू बिंद था। वह राजमिस्त्री का काम करता था।
वहीं हत्या के बाद पत्नी के चोर आने का शोर मचाने से मामले को दूसरा रूप देने की कोशिश भी की गयी। लेकिन, बच्चों ने अपनी मां की काली करतूत खोल दी। इसके बाद पुलिस ने पत्नी लालसा देवी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौके से आटे के बोरे में छिपाया गया मोबाइल और नोटों में लपेट रखा गया सिम भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार उसी मोबाइल के जरिए महिला अपने प्रेमी से संपर्क में रहती थी।
महिला का प्रेमी कोईलवर थाना क्षेत्र के वीरमपुर गांव का रहने वाला अजीत कुमार यादव है। हालांकि उसके सहयोगी के नाम का खुलासा नहीं हो सका है। इस घटना को लेकर मृतक गुड्डू की मां टुनिया कुंअर की तहरीर पर लालसा देवी और उसके प्रेमी अजित कुमार यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपित किया गया है। अब पुलिस महिला के प्रेमी और उसके सहयोगी की धरपकड़ को लेकर छापेमारी कर रही है।
मृत गुड्डू बिंद के भाई रामदूत कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात भाई पत्नी के साथ अपने कमरे में सोये थे। रात करीब 12 बजे भाभी चोर-चोर का शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर वह बाहर निकला, तो कोई नहीं दिखा। कुछ ग्रामीण भी पहुंच गये और काफी खोजबीन की गयी, लेकिन चोरों का पता नहीं चला। इसके बाद वह भाई के कमरे में गया, तो देखा कि वह मृत पड़ा है। इसके बाद उसने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी।
प्रेमी के प्यार में पागल चार बच्चों की मां लालसा देवी ने पति की हत्या की फूलप्रुफ तैयारी की थी। इसके लिए उसने शाम में ही अपने प्रेमी को बुला लिया था। लेकिन, एक छोटी सी गलती उस पर भारी पड़ गयी। बच्चों के सो जाने की बात समझ उसने प्रेमी को कमरे में बुलाया और पति की हत्या कर दी।
इसी गलती के कारण वह जेल की सलाखों तक पहुंच गयी। अपने पिता की हत्या के चश्मदीद गवाह बने बच्चों की बात सुन कर ग्रामीणों के साथ पुलिस भी आवाक रह गयी। पुत्री सीमा कुमारी और पुत्र प्रिंस कुमार ने पुलिस के सामने कहा कि मां ने रात में दो से तीन बार पिता को चाय पिलायी।
कुछ देर बाद ही पिता के शरीर में बेचैनी होने लगी। इसके बाद वह नशे की हालत में एक-दो बार छत पर गये। बाद में वह पूरे नशे में हो अपने कमरे में सोने चले गये। तब दो लोग उनके कमरे में घुसे और उनके पिता की गर्दन दबाने लगे। उनकी मां ने उनके पिता के पैर पकड़ रखे थे। इसे देख बच्चे डर गये और सोने का नाटक करते रहे। बाद में जब पुलिस पहुंची, तो बच्चों को हिम्मत मिली। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ की तो पूरा भेद खुल गया।
छीनेगांव टोला निवासी गुड्डू बिंद की शादी करीब 12 साल पहले सारण जिले के रहने वाली लालसा देवी के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि लालसा अपने मामा के घर कोईलवर थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव में रहती थी। उसकी शादी ननिहाल से ही हुई थी। ननिहाल में रहने के दौरान ही वीरमपुर गांव के रहने वाले अजीत कुमार यादव से उसको प्यार हो गया।
शादी के कुछ वर्षों बाद पति-पत्नी में अनबन शुरू हो गयी थी। फिर भी मृतक गुड्डू सब बातों को दरकिनार कर अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल में पढ़ा कर हंसी खुशी अपना जीवन जी रहा था। इस साल अनबन होने के बाद लालसा अपने बच्चों को लेकर प्रेमी के घर भाग गयी थी। इस पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों व बुद्धिजीवियों की ओर से इसकी सूचना उसके मायके भेजी गई। इसके बाद गुड्डू काफी मान-मनव्वल कर उसे होली के दिन घर लाया था। इसके बाद दोनों अच्छे से रह रहे थे।
मृतक गुड्डू बिंद राजमिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने गांव में बहुत ही सरल व सामाजिक लड़का माना जाता था। उसे तीन पुत्री और एक पुत्र है। उनमें सीमा कुमारी प्रिंस कुमार रोशनी कुमारी और रूपा कुमारी है। उसकी हत्या के बाद से घर में कोहराम मच गया। चारों बच्चों की सारी खुशियां छिन गयीं। बच्चों और मां का रो-रोकर बुरा हाल था।